स्वतंत्रता दिवस पर राज्य सरकार की अनूठी पहल मंत्रियों ने स्वतंत्रता सैनानियों के घर पहृंच कर किया झंडारोहण
जयपुर। स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर राज्य सरकार की ओर से प्रदेश के स्वतंत्रता सेनानियों का उनके निवास स्थान पर जाकर सम्मान किया गया और उनके घर पर झंडारोहण किया गया। राज्य सरकार के मंत्रीगण स्वतंत्रता सेनानियों के घर पहुंचे और उनका सम्मान किया।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने उदयपुर में स्वतंत्रता सेनानियों के घर जाकर ध्वजारोहण किया। खाचरियावास उदयपुर शहर के आदर्श नगर हिरण मगरी सेक्टर चार निवासी स्वतंत्रता सेनानी ललित मोहन शर्मा, सेवाश्रम रेलवे हलिंग के पास हिरण मगरी सेक्टर 3 निवासी स्वतंत्रता सेनानी मनोहर लाल जैन तथा छोटी ब्रह्मपुरी में रहने वाले स्वतंत्रता सेनानी मनोहर लाल औदिच्य के घर पहुंचे। वहां उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों का शल ओढ़ाकर, माला पहनाकर एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। इसके पश्चात स्वतंत्रता सेनानियों के निवास पर झंडारोहण किया और स्वतंत्रता सेनानियों सहित मौजूद लोगों को स्वाधीनता दिवस की शुभकामनाएं दी।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. महेश जोशी ने रींगस के जैतुसर में स्वतंत्रता सेनानी कालीदास स्वामी के घर पर झंडारोहण किया। उन्होंने साफा, शॅाल एवं माला पहनाकर उनका सम्मान किया। बीकानेर के स्वतंत्रता सेनानी सत्यनारायण हर्ष के रत्ताणी चौक स्थित आवास पर झंडारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी हर्ष ने शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला की मौजूदगी में झंडारोहण किया। शिक्षा मंत्री ने शल ओढ़ाकर हर्ष का सम्मान किया तथा अधिकारियों ने उनका माल्यार्पण किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ. कल्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देशानुसार सात जिलों के 12 स्वतंत्रता सेनानियों के आवास पर ऎसे कार्यक्रम आयोजित करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान किया गया है।
राजसमंद जिले के नाथ़द्वारा में स्वतंत्रता सेनानी मदनमोहन जाट के निवास पर राज्यमंत्री राजेन्द्र सिंह यादव ने ध्वजारोहण किया। अजमेर जिले में स्वतंत्रता सेनानी कृष्ण अग्रवाल व शोभाराम गहरवार के घर पर कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर कटारिया ने किशन अग्रवाल को सम्मानित भी किया। वहीं, भरतपुर में सीकरी थाना क्षेत्र के रामगढ़ बास तथा आलमशाह में दो स्वतंत्रता सेनानियों हुकुमचंद सैनी एवं रामजीलाल का सम्मान करते हुए उनके घर पर झंडारोहण किया गया। उपखंड अधिकारी हेमराज गुर्जर ने स्वतंत्रता सेनानी ओमप्रकाश पांडे के घर पर तिरंगा फहराया। बारां जिले के छबड़ा में जिला कलक्टर नरेन्द्र गुप्ता ने स्वतंत्रता सेनानी राधेश्याम भार्गव का सम्मान किया।