राजस्थान बीजेपी में संगठन ढांचा अधूरा:पुरानी टीम के भरोसे मदन राठौड़
राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक चुनावों को शुरू हुए छह महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पार्टी का संगठन ढांचा अब तक अधूरा है। दिसंबर 2024 में शुरू हुए ‘संगठन पर्व’ के तहत बूथ से लेकर प्रदेशाध्यक्ष तक के चुनाव होने थे। 22 फरवरी 2025 को मदन राठौड़ के प्रदेशाध्यक्ष पद पर निर्वाचन के साथ चुनावी प्रक्रिया तो पूरी हो गई, लेकिन संगठन के कई महत्वपूर्ण पद अब भी खाली हैं।
पुरानी टीम के भरोसे मदन राठौड़
गौरतलब है कि मदन राठौड़ को 25 जुलाई 2024 को प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। करीब 11 महीने बाद भी उन्होंने अपनी नई कार्यकारिणी का गठन नहीं किया है और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी की टीम के साथ ही काम कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, नई कार्यकारिणी का गठन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन के बाद ही होने की संभावना है, क्योंकि कार्यकारिणी के नामों पर केंद्रीय नेतृत्व की सहमति जरूरी है।
वहीं, नियुक्तियों में देरी से बीजेपी की संगठनात्मक मजबूती प्रभावित हो रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर जल्द नियुक्तियां नहीं हुईं, तो इसका असर पार्टी की आगामी रणनीतियों और जमीनी पकड़ पर पड़ सकता है।










