Rajneeti

लघु उद्योग भारती राजस्थान की नवीन प्रदेश कार्यकारिणी घोषित

जयपुर। लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र ने कहा है कि लघु उद्योग भारती एक ऐसा संगठन है जो अन्य संगठनों से अलग “राष्ट्र प्रथम” की नीतिगत सोच के साथ कार्य करता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं और यह ताकत जब नीति आधारित दृष्टिकोण के साथ जुड़ती है तो समाज और राष्ट्र दोनों की दिशा और दशा बदलने की क्षमता रखती है।

वे सोमवार को यहां लघु उद्योग भारती राजस्थान की नवमनोनीत प्रदेश कार्यकारिणी (2025–27) को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर जिस गति से आगे बढ़ रहा है, वह हमारे उद्योग व्यवस्था में आए सकारात्मक परिवर्तनों का परिणाम है। दूसरी ओर, कई विकसित कहे जाने वाले देश आर्थिक अस्थिरता से जूझ रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष में हो रहे विविध आयोजनों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया और ‘पंच परिवर्तन’ जैसे विचारों को सहज भाषा में समझाते हुए कहा कि प्रत्येक उद्यमी को अपने उद्योग, जीवनशैली, पर्यावरण, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र सेवा जैसे क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब उद्यमी अपने दायित्वों का निर्वहन करता है तो उसका प्रभाव संपूर्ण समाज और राष्ट्र पर पड़ता है।

प्रदेश मीडिया प्रमुख तरुण दवे ने बताया कि लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा तथा निवर्तमान अध्यक्ष बलदेव प्रजापति के सान्निध्य में राजस्थान प्रदेश की नवीन कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा की गई। नवमनोनीत कार्यकारिणी में योगेन्द्र कुमार शर्मा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। महावीर चौपड़ा को उपाध्यक्ष एवं जोधपुर प्रांत प्रभारी, तथा पवन गोयल को उपाध्यक्ष एवं चित्तौड़ प्रांत प्रभारी नियुक्त किया गया है। अनिल अग्रवाल, महेन्द्र खुराना, मुकेशचन्द अग्रवाल, अंजू सिंह, राजेश गुप्ता और नटवरलाल अजमेरा को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुधीर गर्ग को महामंत्री बनाया गया है। रवि जाजू, विनय बम्ब और संदीप गुप्ता को संयुक्त महामंत्री पद दिया गया है। अरुण जाजोदिया को प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सुभाष गुप्ता, सुनील बूब, दीपक झंवर, श्वेता जैन, सुशील काबरा व अशोक जांगिड़ को सचिव बनाया गया है। इनके अतिरिक्त जयपुर अंचल में 13, जोधपुर अंचल में 10 व चित्तौड़ अंचल में 17 पदेन सदस्य मनोनीत किए गए। जयपुर के 9 सदस्य, जोधपुर के 15 सदस्य, चित्तौड़ के 6 सदस्य भी कार्यकारिणी में शामिल किए गए हैं। साथ ही, एक आमंत्रित सदस्य व 10 विशेष आमंत्रित सदस्य भी कार्यकारिणी में शामिल किए गए हैं।

इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष शांतिलाल ने अपने चार वर्षीय कार्यकाल का विस्तार से उल्लेख किया और संगठन को मजबूत बनाने में सभी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह एक सामूहिक यात्रा रही है, जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ता की सहभागिता महत्वपूर्ण रही है।

कार्यक्रम में जयपुर प्रांत अध्यक्ष महेन्द्र मिश्रा, जोधपुर प्रांत अध्यक्ष बालकृष्ण परिहार तथा चित्तौड़ प्रांत अध्यक्ष महेश हुरकुट ने अपने-अपने प्रांतों में हुए संगठनात्मक कार्यों और गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने आगामी एजीएम के लिए सदस्य संख्या बढ़ाने के लक्ष्यों को साझा करते हुए सभी से सक्रिय भागीदारी की अपील की।

समारोह के समापन पर अखिल भारतीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा ने सभी नवमनोनीत पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे संगठन की मूल नीतियों को गांव-गांव और उद्योग-उद्योग तक पहुंचाने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करें और लघु उद्योग भारती को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अग्रणी भूमिका निभाने वाला संगठन बनाएं।
सादर प्रकाशनार्थ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *