कांग्रेस का संविधान बचाओ अभियान: मोदी सरकार कर रही संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग- डोटासरा

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने आज एक संवाददाता सम्मेलन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा शुरू किए गए ‘संविधान बचाओ अभियान’ की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह अभियान मोदी सरकार द्वारा संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग और संघीय सिद्धांतों के उल्लंघन के खिलाफ एक राष्ट्रीय आंदोलन के रूप में चलाया जाएगा।

डोटासरा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक असमानता जैसे मूल मुद्दों से देश का ध्यान भटकाने के लिए संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक-आर्थिक न्याय के आदर्शों पर सुनियोजित हमले कर रही है। उन्होंने न्यायपालिका के खिलाफ अपमानजनक बयान देकर अप्रत्यक्ष रूप से दबाव बनाने का भी आरोप लगाया, जिसे उन्होंने तानाशाही का स्पष्ट उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि 24 अप्रैल, 2025 को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक में अभियान की सफलता के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। 28 अप्रैल, 2025 को जयपुर में प्रदेश स्तरीय ‘संविधान बचाओ रैली’ आयोजित की जाएगी, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे।
डोटासरा ने बताया कि 3 मई से 10 मई, 2025 तक जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा जिला मुख्यालयों पर और 11 से 17 मई, 2025 तक विधानसभा क्षेत्रों में ‘संविधान बचाओ रैलियां’ आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जाकर घर-घर जाकर संविधान की रक्षा और भाजपा सरकार द्वारा संवैधानिक प्रावधानों के उल्लंघन के मुद्दे पर लोगों को जागरूक करेंगे।
डोटासरा ने कहा कि यह अभियान देश भर में संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग और संघीय सिद्धांतों के उल्लंघन के खिलाफ कांग्रेस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस अभियान को सफल बनाएंगे और भाजपा सरकार को बेनकाब करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *