राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ कांग्रेस नेता अधीर रंजन द्वारा की गई अमर्यादित टिप्पणी के खिलाफ भाजपा ने प्रदेश के सभी जिलों में धरना प्रदर्शन कर पुतले जलाए
जयपुर । राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ कांग्रेस नेता अधीर रंजन द्वारा की गई अमर्यादित और अलोकतांत्रिक टिप्पणी के खिलाफ भाजपा ने प्रदेश के सभी जिलों में धरना प्रदर्शन कर अधीर रंजन के पुतले जलाए और कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की गई।
इसी क्रम में एसटी मोर्चा, महिला मोर्चा और युवा मोर्चा द्वारा जयपुर में भी धरना प्रदर्शन किया गया और अधीर रंजन का पुतला जलाया गया, जिसमें भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए।
डॉ. पूनियां ने प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि, कांग्रेस के नेता संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करते हैं, वो संविधान को क्या समझेंगे और इसलिए अधीर रंजन की एक बार की गलती नहीं है, इन लोगों का आचरण, इनका चरित्र बताता है, अधीर रंजन की भाषा उनके मानसिक विचलन और कांग्रेस का आचरण है। यह कांग्रेस पार्टी के चरित्र को उजागर करती है।
अधीर रंजन ने स्तरहीन, मर्यादाहीन टिप्पणी से राष्ट्रपति और सम्पूर्ण नारी शक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। यह सिर्फ देश की राष्ट्रपति का ही अपमान नहीं है, संविधान और महिला शक्ति का भी अपमान किया है, इस पर सोनिया गांधी को माफी मांगनी चाहिए। सिर्फ अधीर रंजन के माफी मांगने से नहीं होगा, वह कांग्रेस के नेता हैं, उन्होंने इतना बड़ा अपमान देश, संविधान और जनजाति समाज का किया है, मुझे लगता है कांग्रेस पार्टी के सत्ता में कभी भी नहीं आने की आशंका से घबराकर कांग्रेस के नेता इस तरह के बयान देते हैं, कांग्रेस नेताओं द्वारा इस तरीके से अमर्यादित बयान राजस्थान और हिंदुस्तान बर्दाश्त नहीं करेगा।
इस दौरान धरना-प्रदर्शन में प्रदेश मंत्री अशोक सैनी, एसटी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र मीणा, जयपुर शहर जिला अध्यक्ष राघव शर्मा, जयपुर देहात उत्तर जिला अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष जयश्री गर्ग, प्रदेश मंत्री दीपा नाथावत, प्रदेश कार्यालय मंत्री सुमन मीणा, इत्यादि मौजूद रहे।










