Rajneeti

राजस्थान में 3500 वन मित्र बनाए जाएंगे- सीएम भजनलाल

जयपुर।राजस्थान में पर्यावरण को सुरक्षित और संरक्षित करने के लिए ग्रीन कवर बढ़ाने के लिए 250 करोड़ की हरित विकास परियोजना पर सरकार ने काम शुरू किया है। योजना के तहत पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक व समर्पित व्यक्तियों को वन मित्र बनाया जाएगा। इस साल 10 करोड़ और आगामी 5 साल में 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है और 3500 वन मित्र बनाए जाएंगे। यह विचार मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने रविवार को मदाउ स्थित जगद्गुरु रामानंदाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में 76वां वन महोत्सव राज्य स्तरीय समारोह में व्यक्त किए।
एक दिन में ही ढाई करोड़ पौधे लगाने का बनेगा रेकार्ड
सीएम भजनलाल ने कहा कि हरियाली तीज पर आयोजित किए जा रहे वन महोत्सव के दौरान एक दिन में ही ढाई करोड़ पौधे लगाने का रेकार्ड बनेगा। समारोह में सीएम भजनलाल ने समारोह में सिंदूर का पौधा लगाया और रोहिड़ा पर आधारित ब्रोशर का विमोचन भी किया और उन्होंने अमृता देवी विश्नोई स्मृति पुरस्कार और इनोवेशन अवॉर्ड का वितरण किया। विश्वविद्यालय परिसर में जगद्गुरू रामानंदाचार्य की मूर्ति पर माल्यार्पण भी किया।
अमृतादेवी विश्नोई पुरस्कार-2023 वितरित किया गया
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल ने अमृतादेवी विश्नोई पुरस्कार-2023 भी वितरित किए। समारोह में वन मंत्री संजय शर्मा,मुख्य सचिव सुधांश पंत, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, बगरू विधायक व पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा, विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो रामसेवक दास व अन्य अधिकारी मौजूद थे।

भगवान की कृपा से खूब बारिश
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज मां पार्वती और भगवान शिव को समर्पित हरियाली तीज पर वन महोत्सव मनाने का शुभ अवसर मिला है। बाबा भोलेनाथ की इस बार प्रदेश पर विशेष कृपा हो रही है और खूब बारिश हो रही है। जुलाई में ही प्रदेश के आधे से ज्यादा बांध भर गए हैं और पहली बार बीसलपुर बांध जुलाई में ही भर कर छलक गया है।

एक पेड़ मां के नाम जरूर लगाएं
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान शुरू किया। प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम कम से कम एक पौधा जरूर लगाए और उसे परिवार का सदस्य मानकर देखभाल करे। हमारी सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान से प्रेरित होकर पिछले साल हरियाली तीज के पर्व पर मिशन हरियालो राजस्थान का शुभारंभ किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *