गहलोत सरकार की उलटी गिनती होगी शुरू-अरुण सिंह
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक आज से 21 मई तक जयपुर में होगी। इस बैठक में राजनीतिक मुद्दों के साथ राजस्थान से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।मुख्य बैठक 20 मई को होगी, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली संबोधित करेंगे।
बीजेपी के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने बताया कि तीनों दिन दिल्ली रोड स्थित जिस होटल में बैठक होगी, होटल के उस हिस्से को सुंदर सिंह भंडारी नाम दिया गया है। राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, महामंत्री, उपाध्यक्ष, सभी प्रदेशाध्यक्ष, संगठन मंत्री और सभी मोर्चों के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित कुल 136 राष्ट्रीय पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। इसमें कई पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री भी शामिल हैं।
आज शाम 4 बजे जयपुर पहुंचेंगे नड्डा
सिंह ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज शाम 4 बजे जयपुर हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। इसके बाद उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।आजादी के अमृत महोत्सव पर राजस्थान के कार्यकर्ताओं ने 75 द्वार बनाए हैं, जिन पर मोदी की योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।साथ हीं, जवाहर सर्किल पर राजस्थानी संस्कृति साकार होगी। 30 किमी लंबे इस रूट पर नड्डा का आधा दर्जन जगहों पर रुकने का कार्यक्रम है।
पहले दिन प्रदर्शनी का होगा उद्धाटन
सिंह ने बताया कि स्वागत के बाद नड्ढा होटल में बनाए गए कुशाभाऊ ठाकरे प्रदर्शनी स्थल लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इस प्रदर्शनी में सुंदर सिंह भंडार के जीवन के साथ ही कुशाभाऊ ठाकरे की कार्य पद्धति को भी दिखाया जाएगा। इसी दिन शाम 7 बजे राष्ट्रीय महामंत्रियों की बैठक होगी।
20 मई को होगी बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की मुख्य बैठक
राष्ट्रीय पदाधिकारियों की मुख्य बैठक 20 मई को सुबह 10:00 बजे बैठक प्रारंभ होगी। सिंह ने बताया कि इस बैठक को पीएम नरेंद्र मोदी वर्चुअली संबोधित करेंगे। बैठक में देश की राजनीति की स्थिति का चिंतन किया जाएगा। हर बूथ पर पार्टी और सशक्त हो, इस पर भी चर्चा की जाएगी।
साथ हीं, पीएम मोदी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने पर भी चर्चा की जाएगी। इस बैठक के कुल 4 सत्र होंगे, जिनमें विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। बैठक का समापन जेपी नड्डा के संबोधन से होगा। बैठक शाम 6:00 बजे तक चलेगी। इसके बाद शाम 7:00 बजे नड्डा बिड़ला ऑडिटोरियम में सुंदर सिंह भंडारी की पुस्तक का विमोचन करने के बाद प्रबुद्धजनों को संबोधित करेंगे। 21 मई को सुबह 9:00 बजे होटल परिसर में राष्ट्रीय संगठन महामंत्रियों की बैठक होगी, जो शाम 4:00 बजे तक चलेगी।
गहलोत सरकार की उलटी गिनती होगी शुरू
सिंह ने बताया कि राजस्थान के लिए यह बैठक बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि आज राजस्थान में अपराध चरम पर है। दलितों पर महिलाओं पर लगातार अपराध बढ़ रहे हैं। तुष्टीकरण की राजनीति की पराकाष्ठा राजस्थान में हो गई है। गहलोत सरकार पूरी तरीके से फेल हो चुकी है। केवल केंद्र पर दोषारोपण का काम किया जा रहा है। राजस्थान के लिए गौरव का विषय है कि पूरे देशभर के राष्ट्रीय पदाधिकारी राजस्थान में आकर चर्चा और चिंतन करेंगे। इस बैठक के होने के बाद गहलोत सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी और भाजपा के संपूर्ण कार्यकर्ता राजस्थान में तीन चौथाई बहुमत के साथ सरकार बनाने का संकल्प पूरा करेंगे।