कई आईएएस के अरमानों पर फिरा पानी, मुख्य सचिव ऊषा शर्मा का कार्यकाल 6 महीने बढ़ा

जयपुर। राजस्थान की ब्यूरोक्रेसी में कई आईएएस अफसरों के अरमानों पर पानी फिर गया है। सरकार ने उनका कार्यकाल 6 महीने और बढ़ा दिया है। यानि राजस्थान के विधानसभा चुनाव उन्हीं के कार्यकाल में होंगे। अब वे 31 दिसंबर, 2023 तक मुख्य सचिव बनी रहेंगी।
केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय ने ऊषा शर्मा के एक्सटेंशन को मंजूरी देते हुए आदेश जारी कर दिए हैं। इससे पहले उनका कार्यकाल 30 जून, 2023 को खत्म हो रहा है। अब तक नए मुख्य सचिव के लिए सीनियर आईएएस वीनू गुप्ता, शुभ्रा सिंह, वी श्रीनिवास और सुबोध अग्रवाल समेत कई आईएएस के नाम चर्चा में थे। हालांकि इनमें सुबोध अग्रवाल की संभावनाएं बहुत ही कम थीं। लेकिन, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के इस फैसले ने सबको चौंका दिया है।

बता दें कि मुख्य सचिव ऊषा शर्मा मौजूदा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी. पी. जोशी की रिश्तेदार हैं। उनके पति रिटायर्ड आईएएस बद्रीनारायण शर्मा इस समय राजस्थान इलेक्ट्रिसिटी रेग्यूलेटरी कमीशन के चेयरमैन हैं। वर्ष 1985 बैच की आईएएस ऊषा शर्मा राजस्थान में दूसरी ऐसी अधिकारी हैं जो मुख्य सचिव की कुर्सी तक पहुंची हैं। इनसे पहले गहलोत शासन में ही कुशल सिंह मुख्य सचिव रह चुकी हैं।
उत्तर प्रदेश की रहने वाली ऊषा शर्मा कैमिस्ट्री में बीएससी (ऑनर्स) तक शिक्षित हैं। इससे पहले वे अलवर एसडीएम से लेकर कलेक्टर और अन्य विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुकी हैं। मुख्य सचिव के रूप में उनके कामकाज से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत काफी खुश नजर आ रहे हैं।

राजस्थान की मुख्य सचिव ऊषा शर्मा का कार्यकाल 6 महीने बढ़ाए जाने को लेकर केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय ने जारी किए आदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *