राजस्थान में सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म, काम पर लौटे सफाईकर्मी

जयपुर। राजस्थान में पिछले कई दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल शुक्रवार शाम को खत्म कर दी गई। शनिवार सुबह से ही सभी कर्मचारी काम पर लौट आए हैं। जयपुर में शासन सचिवालय में हुई समझौता वार्ता के बाद सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय किया। इसमें सबसे बड़ा मुद्दा सफाईकर्मियों की भर्ती था।

सरकार और सफाई कर्मचारियों के बीच समझौते के मुताबिक बजट 2023-24 के अनुरूप सफाई कर्मचारियों के 30000 पदों पर भर्ती सक्षम स्वीकृति के उपरांत की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया में सफाई का परम्परागत रूप से कार्य करने वाले वर्ग जैसे मेहतर, हेला तथा वाल्मिकी समाज के लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी। भर्ती प्रक्रिया में नियमों को बनाए जाते समय नगर पालिका भर्ती दिशा निर्देश 2013 को दृष्टिगत रखा जाएगा। अंतिम रूप से नियम प्रकाशन से पूर्व संयुक्त वाल्मिकी सफाई श्रमिक संघ से सलाह मशविरा किया जाएगा। हड़ताल अवधि के दौरान किसी भी कर्मचारी के विरूद्ध किसी भी तरह की अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। वेतन कटौती भी नहीं होगी।

समझौता वार्ता में स्वायत्त शासन विभाग के सचिव डॉ. जोगाराम, स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक हृदेश कुमार शर्मा, उपनिदेशक नरेंद्र कुमार वर्मा, उपायुक्त हेरिटेज आशीष कुमार, नगर निगम हेरिटेज के सफाई श्रमिक संघ के नंदकिशोर डंडोरिया, अखिल भारतीय मजदूर संघ कांग्रेस के कैलाश लोहरा, अजमेर के ओमप्रकाश गोयर, जयपुर के सत्यनारायण आनारिय, शिवचरण डंडोरिया उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *