Others

जयपुर हेरिटेज मेयर मुनेश के पति गिरफ्तार

घर पर सर्च में 40 लाख कैश मिले, दो लाख की घूस मांगी थी
जयपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने जयपुर हेरिटेज नगर निगम मेयर मुनेश गुर्जर के घर छापा मारा। टीम ने मेयर के पति सुशील गुर्जर और दो दलालों को गिरफ्तार किया है। सुशील पर पट्‌टे बनाने की एवज में 2 लाख रुपए की घूस मांगने का आरोप है। मेयर के घर सर्च में 40 लाख रुपए नकद मिले हैं। जिन्हें गिनने के लिए नोट गिनने की मशीन मंगाई है। इसके साथ ही एक दलाल के घर भी 8 लाख नकद बरामद हुए हैं। मामले में मेयर की भूमिका को लेकर भी एसीबी जांच कर रही है। हेरिटेज निगम में कांग्रेस का बोर्ड और मेयर है।

ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक हेमंत प्रियदर्शी (अतिरिक्त चार्ज महानिदेशक) ने बताया कि एसीबी की स्पेशल इंवेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) जयपुर इकाई को शिकायत दी गई कि पट्टा जारी करने की एवज में सुशील गुर्जर की ओर से दलाल नारायण सिंह और अनिल दुबे के मार्फत 2 लाख रुपए मांगे जा रहे हैं।एसीबी जयपुर के उप महानिरीक्षक रणधीर सिंह के सुपरविजन में शिकायत का सत्यापन किया गया। शुक्रवार रात ASP ललित शर्मा के नेतृत्व में टीम ने दलाल नारायण सिंह निवासी 55 ए नेहरू नगर, हटवाड़ा रोड जयपुर को परिवादी से 2 लाख रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार गया।

मामले में शामिल होने के आधार पर मेयर पति सुशील गुर्जर निवासी ए-3 आदर्श कॉलोनी शक्तिनगर हटवाड़ा रोड़ हसनपुरा, जयपुर और दलाल अनिल दुबे निवासी 173, शक्तिनगर हटवाड़ा रोड हसनपुरा जयपुर को भी गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान दलाल नारायण सिंह के घर की तलाशी में 8 लाख रुपए से अधिक नकदी बरामद की गई है। एसीबी अधिकारी आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं।

मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ राजस्थान की कांग्रेस सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। एसीबी की ओर से बिना किसी सबूत के कार्रवाई नहीं की जाती। हमारी सरकार किसी भी भ्रष्ट व्यक्ति को बर्दाश्त नहीं करेगी और ईमानदार पर कार्रवाई नहीं होने देगी।

खाचरियावास ने कहा कि मुनेश गुर्जर के काम को लेकर मैं खुश नहीं था। मैंने, विधायक रफीक खान और अमीन कागजी, तीनों ने कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से भी इस बारे में बात की थी। जो फिलहाल मैं मीडिया के सामने नहीं कह सकता। लेकिन इस कार्रवाई को लेकर मैं राजस्थान पुलिस और एसीबी टीम का धन्यवाद दूंगा। पुलिस ने नगर निगम से भ्रष्टाचार खत्म करने की कोशिश की है।

मेयर पति के हिरासत पर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा- कांग्रेस के रग-रग में, ऊपर से लेकर नीचे तक हर विभाग में, चारों ओर सिर्फ भ्रष्टाचार ही है। इस भ्रष्ट तंत्र के तार कहीं न कहीं ऊपर के लोगों तक जुड़ते हैं। सही जांच हो तो सत्यता सामने आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *